April 19, 2026

बिलासपुर प्रेस क्लब का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न,अरुण साव, धरमलाल कौशिक, सहित अटल श्रीवास्तव भी हुए शामिल

1 min read
Share this

बिलासपुर(Cgupdate.in) Satish Sahu। प्रेस क्लब बिलासपुर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि श्री अरुण साव ने नई टीम को शपथ दिलाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने की। विशेष अतिथियों के रूप में कोटा विधायक श्री अटल श्रीवास्तव, बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, नगर निगम सभापति श्री विनोद सोनी तथा नेता प्रतिपक्ष श्री भरत कश्यप उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि हाल ही में संपन्न चुनाव में श्री अजीत मिश्रा प्रेस क्लब बिलासपुर के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उपाध्यक्ष पद पर श्री विजय क्रांति तिवारी, सचिव श्री संदीप परिहार, कोषाध्यक्ष श्री किशोर कुमार सिंह, सह सचिव श्री हरिशंकर गंगवानी तथा कार्यकारी सदस्य के रूप में श्री कैलाश यादव चुने गए हैं।

मुख्य अतिथि एवं उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि कड़ी मेहनत और एकजुटता के साथ यह टीम बिलासपुर का नाम और ऊंचा करेगी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर प्रेस क्लब से अनेक वरिष्ठ पत्रकार निकले हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर बिलासपुर को पहचान बनाई है। नई टीम इस गौरव को और आगे बढ़ाएगी। उन्होंने पत्रकारिता को चुनौतीपूर्ण क्षेत्र बताते हुए कहा कि इसमें निरंतर मेहनत, प्रतिबद्धता और निष्पक्षता की आवश्यकता होती है। बड़ी संख्या में जुड़े नए पत्रकारों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने इसमें राष्ट्रीय स्तर के पत्रकारों को भी आमंत्रित करने का सुझाव दिया। उप मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि बिरकोना स्थित पत्रकार कॉलोनी में सड़क निर्माण के लिए 8 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। साथ ही प्रेस क्लब भवन के कायाकल्प का कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने न्यायधानी की गरिमा के अनुरूप प्रेस क्लब को मजबूत बनाने में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.