August 30, 2025

नक्सली उन्मूलन में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता,सुकमा में 10 नक्सली ढेर।मुख्यमंत्री ने दी जवानों को बधाई

1 min read
Share this

सुकमा।22/11/2024(cgupdate.in) Satish Sahu छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में एंटी नक्सल ऑपरेशन लगातार जारी है। इसी क्रम में कोंटा ब्लाक के भेज्जी इलाके में शुक्रवार की सुबह डीआरजी जवानों की नक्सलियों से जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में 10 नक्सली मारे गए हैं, जवानों ने सभी के शव बरामद कर लिए हैं। इनकाउंटर स्थल से जवानों ने सर्चिंग के दौरान 3 ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किए हैं। जवानों को सूचना मिली थी कि नक्सली ओडिशा के रास्ते छत्तीसगढ़ में दाखिल हो रहे हैं। इस सूचना के बाद नक्सलियों को रोकने के लिए ही जवानों की एक टुकड़ी निकली हुई थी। मौके पर पहुंचने के बाद डीआरजी और सीआरपीएफ के जवानों ने नक्सलियों की घेराबंदी शुरू की। नक्सली जब चारों तरफ से घिर गए तो गोलीबारी शुरू हो गई। दोनों ओर से लगातार फायरिंग भी हुई। शाम तक मुठभेड़ में जवानों ने 10 नक्सलियों को मार गिराया।  जवानों और नक्सलियों की यह मुठभेड़ सुकमा के कोंटा और किस्टाराम एरिया कमेटी के नक्सलियों के साथ हुई है। नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए है लेकिन उनकी पहचान नहीं हुई है। जवानों ने इंसास राइफलस एके 47 राइफल और एसएलआर राइफल सहित भारी मात्रा ऑटोमैटिक हथियार बरामद किए गए हैं

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुरक्षाबलों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि, उनकी सरकार नक्सलवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि बस्तर में विकास, शांति और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री साय ने सुरक्षाबलों को उनके अदम्य साहस और समर्पण के लिए बधाई देते हुए कहा कि, छत्तीसगढ़ से नक्सलियों का सफाया निश्चित है। उन्होंने आगे कहा कि, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ से नक्सलियों के सफाये का लक्ष्य रखा है। हमारे जवान अपने लक्ष्य की ओर सुनियोजित तरीके से आगे बढ़ रहे हैं।

गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, सुकमा जिले के भेज्जी क्षेत्र में जवानों की नक्सलियों से मुठभेड़ हुई। मारे गए सभी नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मारे गए नक्सलियों की संख्या जनवरी से अब तक 212 पहुंच गई है। इस मुठभेड़ में बड़ी बात यह है कि, जवानों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सभी सुरक्षित हैं। उन्होंने आगे कहा कि, अब ग्रामीण बस्तर में शांति चाहते हैं। वे चाहते हैं नक्सलवाद खत्म हो जाए। गृहमंत्री अमित शाह ने स्पष्ट कह दिया है कि, मार्च 2026 तक नकस्लवाद समाप्त हो जाएगी।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.